हिसार : पहलगाम में कायराना आतंकी हमले का देना होगा मुंहतोड़ जवाब : रविंद्र पानू
- Admin Admin
- Apr 24, 2025
सरकार आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे और कड़ा सबक सिखाएभारतीय किसान-मजदूर संयुक्त यूनियन ने आतंकवादियों के कायराना हमले की कड़ी निंदा कीहिसार, 24 अप्रैल (हि.स.)। कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों व अन्य बेकसूर नागरिकों की मृत्यु पर भारतीय किसान-मजदूर संयुक्त यूनियन के प्रधान महासचिव रविंद्र पानू ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और पहलगाम में घूमने आए भारतीय नागरिकों को गोली मारकर उन्होंने अपने कुत्सित इरादों को जता दिया है। इसलिए सरकार का दायित्व है कि वह आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे और कड़ा सबक सिखाए।किसान-मजदूर नेता रविंद्र पानू ने गुरुवार काे कहा कि हरियाणा के जुझारू नौसेना अधिकारी विनय नरवाल भी आतंकवादियों की बर्बरता का शिकार हो गए। करनाल निवासी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को उनकी बहन ने मुखाग्नि देने के उपरांत हत्यारे आतंकवादियों को मौत के घाट उतारने की मांग की है। रविंद्र पानू ने कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों की गोली का शिकार हुए हर नागरिक के परिजन इसी तरह आतंकवादियों को अंजाम तक पहुंचाने की कामना कर रहे हैं।रविंद्र पानू ने आतंकवादियों के इस घृणित कार्य की निंदा करते हुए कहा कि यह हमला भारतीय नागरिकों पर नहीं बल्कि भारतीय लोकतंत्र पर हमला है। जिस आतंकी संगठन ने इस कायराना हमले की जिम्मेदारी ली है, उसे करारा जवाब देकर सबक सिखाने की जरूरत है। इसी तरह देश की तरफ आंख उठाने वाले हर आतंकी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सजा देनी चाहिए। पानू ने सभी मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ देशवासी एकजुट हैं और कंधे से कंधा मिलाकर सेना का साथ देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर



