हल्द्वानी , 30 जून (हि.स.)। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में जुलाई सत्र 2026 की प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ कर से होगा।
आज विश्वविद्यालय के अतिथि गृह सभागार में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुलपति ने विश्वविद्यालय के नए शैक्षणिक सत्र, अकादमिक कैलेंडर, नवीन पाठ्यक्रमों, छात्रहित में लागू की गई नई सुविधाओं व प्रवेश से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि विश्वविद्यालय में 1 जुलाई 2026 से प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ होगी व प्रवेश की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय वर्तमान में 15 स्नातक, 35 स्नातकोत्तर, 16 डिप्लोमा व 29 प्रमाण-पत्र कार्यक्रमों में प्रवेश प्रदान कर रहा है। इसके अतिरिक्त नवीन कार्यक्रमों के रूप में डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज़ तथा मानवाधिकार प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम को भी नए शैक्षणिक सत्र से प्रारम्भ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की सुविधा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को ध्यान में रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण प्रावधान लागू किए हैं। अब सभी सेमेस्टर आधारित कार्यक्रमों में सेमेस्टरवार शुल्क जमा करने की सुविधा उपलब्ध होगी। जिसके परिणाम स्वरूप शिक्षार्थियों पर एक-मुश्त पड़ने वाला आर्थिक भार दो समेस्टरों में विभाजित हो जाएगा। किसी भी कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर विद्यार्थी स्वतः विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र के रूप में पंजीकृत हो जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों के अधिगम का मूल्यांकन ब्लूम्स टैक्सोनॉमी के आधार पर होगा।
कुलपति ने बताया कि एमबीए, एमसीए, एमटीटीएम, बी.एड. स्पेशल एजुकेशन, एम.एड. स्पेशल एजुकेशन, बी.ए. योग (ऑनर्स) व एम.ए. योग कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन भी 1 जुलाई 2026 से वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।

