वायरल वीडियो पर हरकत में आई सिवान पुलिस, 35 लीटर अवैध शराब के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार

सीवान, 08 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में नगर थाना क्षेत्र के दखिन टोला में अवैध शराब की खरीद-बिक्री का मामला सामने आने के बाद सिवान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से 35 लीटर अवैध शराब भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दखिन टोला में अवैध शराब कारोबार होने की सूचना मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर थाना पुलिस ने तत्काल सत्यापन कराया। पुष्टि होने के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित स्थल पर छापेमारी की, जिसमें अवैध शराब के धंधे में संलिप्त एक महिला और मलू चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित मलू चौहान का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, शराबबंदी कानून समेत विभिन्न धाराओं में नगर थाना एवं एससी, एसटी थाना में कुल 10 मामले पूर्व से दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष पु.नि. अविनाश कुमार, परि.पु.अ.नि. राहुल कुमार, निरंजन कुमार एवं दिवाकर कुमार शामिल रहे।

पुलिस कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।

   

सम्बंधित खबर