केंद्र एवं राज्य सरकार नौजवानों को रोजगार देने में अक्षम साबित हुई है : जय प्रकाश नारायण यादव
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
भागलपुर, 17 जून (हि.स.)। प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल द्वारा बुधवार को एक दिवसीय धरना दिया गया।धरना संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार नौजवानों को रोजगार देने में अक्षम साबित हुई है। देश में महंगाई एवं भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। जिला एवं प्रखंड के विकास योजनाओं में लूट मची है।
उन्होंने कहा कि देश की सरकारी संस्थाओं का निजीकरण कर जनता के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि राज्य शराब और सुखा नशा से तबाह है। नौजवान सुखा नशा कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। थाने का बाजारीकरण हो गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधी के सामने नतमस्तक है। देश एवं राज्य में छात्रों के भविष्य के साथ पेपर लीक के माध्यम से खिलवाड़ किया जा रहा है।
पूर्व विधायक रामविलास पासवान ने कहा कि केंद्र अदानी एवं अंबानी के सामने नतमस्तक है। पिरपैंती के हजारों एकड़ जमीन प्रति रुपए के दर से अदानी को प्लांट के नाम से दिया गया है। क्षेत्रीय नौजवान एवं ग्रामीण को रोजगार नहीं दिया जा रहा है। इसके बदले आंदोलन किया जाएगा।
पूर्व विधायक फाणींद्र चौधरी ने कहा कि जन की समस्याओं को लेकर गांव-गांव में जन आंदोलन की जरूरत है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री केवल घोषणाएं करते हैं, जमीन पर कुछ दिखाई नहीं दे रहा है।
धारणा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद भूदेव चौधरी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकन प्रधानमंत्री के सामने नतमस्तक हैं। किसानों को उपज का समर्थन मूल्य भी नहीं मिल रहा है।

