फतेहपुर, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव निवासी पूजा देवी (24) पत्नी मानसिंह निषाद की शनिवार करीब दो बजे अचानक हालत बिगड़ने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार सुशील कुमार भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मायके वालों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि पति मानसिंह निषाद ने पूजा देवी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उसी कै अनुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जायेगी।

