जमीन म्यूटेशन में लापरवाही बरतनेवाले कर्मचारी पर आरोप पत्र गठित
- DSS Admin
- May 11, 2026
रांची, 11 मई (हि.स.)। रांची के उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में अनगड़ा अंचल में जमीन म्यूटेशन में लापरवाही का मामला सामने आने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने दस्तावेजों को नजरअंदाज कर एक व्यक्ति के नाम पर म्यूटेशन करने के मामले में तत्कालीन कर्मचारी पर आरोप पत्र गठित करने का आदेश दिया।
मौके पर उपायुक्त ने एक दिव्यांग को ट्राई साईकिल दिया। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच किसी प्रकार की दूरी नहीं रहनी चाहिए और सभी शिकायतों का समय पर और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनता दरबार में अनगड़ा निवासी सेवाराम महतो ने शिकायत की कि उनके पिता की जमीन दोनों भाइयों के नाम दाखिल-खारिज के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन रसीद केवल एक भाई के नाम से जारी की जा रही है। मामले की सुनवाई के दौरान उपायुक्त ने ऑनलाइन जुड़े अंचल अधिकारी को तत्काल निष्पादन करने का निर्देश दिया और लापरवाही पर नाराजगी जताई।
जनता दरबार में प्लॉट सुधार में देरी, कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा और लंबित भूमि अधिग्रहण मुआवजा भुगतान से जुड़े मामलों पर भी सुनवाई हुई।
सोनाहातू अंचल के लंबित प्लॉट सुधार मामलों पर उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारी को फटकार लगाते हुए एक माह के भीतर सभी मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया।
---------------

