सरकारी स्कूलों में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की जरूरत : उपराष्ट्रपति
- DSS Admin
- May 21, 2026
नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि सरकारी स्कूलों को अधिक महत्व दिया जाना चाहिए और उनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने सांसदों और विधायकों से भी सरकारी स्कूलों के सुदृढ़ीकरण और सुधार पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
उपराष्ट्रपति ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से आए सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल से उपराष्ट्रपति भवन में मुलाकात के दौरान यह बात कही। प्रतिनिधिमंडल में 41 छात्र-छात्राएं शामिल थे, जिनमें 27 छात्राएं थीं। इन विद्यार्थियों ने कक्षा 10 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और वे शैक्षणिक भ्रमण पर दिल्ली आए हुए हैं।
उपराष्ट्रपति ने गरीब और वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले सरकारी स्कूलों के छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण पर दिल्ली लाने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे दौरे विद्यार्थियों के दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं और उन्हें कक्षा से बाहर भी सीखने का अवसर देते हैं।
राधाकृष्णन ने छात्रों से कहा कि जीवन में संघर्ष, असफलता और चुनौतियां सफलता का हिस्सा हैं। कठिन परिस्थितियां व्यक्ति को मजबूत, आत्मविश्वासी और अधिक संकल्पित बनाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों से निराश न होने और शिक्षा को सफलता का सबसे बड़ा माध्यम मानने की अपील की।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश के अनेक वैज्ञानिक, प्रशासक, शिक्षक, उद्यमी और नेता सरकारी स्कूलों तथा सार्वजनिक संस्थानों से निकलकर आगे बढ़े हैं। अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी तमिल माध्यम के एक सरकारी स्कूल में शिक्षा प्राप्त की थी।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में विद्यार्थियों के सपने और आकांक्षाएं भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उपराष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को नशे और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग जैसी बुरी आदतों से दूर रहने की सलाह देते हुए खेल, पठन-पाठन और रचनात्मक गतिविधियों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने छात्रों को ईमानदारी से मेहनत करने, सफलता में विनम्र बने रहने और अपने ज्ञान का उपयोग समाज के कल्याण के लिए करने की सीख भी दी।
इस अवसर पर केंद्रीय संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्रशेखर तथा पश्चिम गुंटूर विधानसभा की विधायक गल्ला माधवी भी उपस्थित थीं।
---------------

