पर्यावरण,जलवायु मंत्री के आगमन पर वैश्य समाज द्वारा भव्य स्वागत समारोह आयोजित

सहरसा, 17 मई (हि.स.)।

बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री रामचन्द्र प्रसाद साह के आगमन पर वैश्य समाज की ओर से स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में वैश्य समाज के लोगों सहित स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण उत्साह एवं सम्मान से सराबोर रहा।मंत्री के पहुंचते ही उपस्थित लोगों ने फूल-माला, अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम स्थल पर लोगों में मंत्री से मिलने एवं उनका अभिनंदन करने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। इस दौरान समाज के लोगों ने क्षेत्र एवं समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वैश्य समाज के जिला अध्यक्ष रामकृष्ण साह उर्फ मोहन साह ने कहा कि समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक विकास, एकजुटता एवं आपसी सहयोग को मजबूत करना संगठन का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि मंत्री रामचन्द्र प्रसाद साह का आगमन वैश्य समाज के लिए गौरव एवं सम्मान की बात है, जिससे समाज के लोगों का मनोबल बढ़ा है।इसके बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह ने अपने संबोधन में कहा कि मंत्री का सहरसा आगमन जिले के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सामाजिक समरसता एवं संगठनात्मक मजबूती को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने वैश्य समाज के सामाजिक योगदान एवं सक्रिय भूमिका की सराहना की।

मंत्री रामचन्द्र प्रसाद साह ने लोगों के स्नेह एवं सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक विकास एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील भी की।

   

सम्बंधित खबर