वाराणसी— नगर निगम ने 15 बीघा भूमि कब्जामुक्त कराया,अनुमानित कीमत 66 करोड़

—बढ़ा निगम का लैंड बैंक,न्यायालय में प्रभावी पैरवी का भी सहारा

वाराणसी,01 फरवरी (हि.स.)। वाराणसी नगर निगम अपनी जमीन अवैध कब्जाधारियों से मुक्त करा उसे अपने कब्जे में ले रही ​है। अपना लैंड बैंक बढ़ाने के लिए नगर निगम के अफसर न्यायालयों में प्रभावी पैरवी भी कर रहे हैं। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर शनिवार को सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में टीम ने 15 बीघा जमीन अवैध कब्जा से मुक्त कराया। इन जमीनों की अनुमानित कीमत 66 करोड़ बताई जा रही है।

नगर निगम के अफसरों के अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर में आराजी संख्या-576 जो 13 बीघा तालाब की भूमि है। इस पर अवैध कब्जा हो गया था। टीम ने इसे कब्जा मुक्त करा लिया। इसकी कीमत 26 करोड़ है, इस भूमि पर एक क्षेत्रीय दबंग ने कब्जा कर इसमें मछली पालन करना शुरू कर दिया था। वहीं, दूसरी तरफ मढ़ौली में मुख्य मार्ग पर 2 बीघा तालाब की जमीन आराजी संख्या-219 मौजा मढ़ौली, पर एक क्षेत्रीय व्यक्ति ने वर्ष 1995 में कूट रचित तरीके से अपना नाम दर्ज करा लिया था। संज्ञान में आने पर सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर सम्बन्धित व्यक्ति का नाम निरस्त कराया। फिर इस पर नगर निगम का नाम दर्ज कराया। बाजार दर के अनुसार इस दो बीघा भूमि की कीमत 40 करोड़ बतायी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर