वीरेन्द्र ओझा ‘जैनेन्द्र कुमार उपन्यास पुरस्कार स्वर्ण’ के लिए चयनित
- Admin Admin
- Mar 15, 2025

महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी 18 को करेगी सम्मानित
प्रयागराज, 15 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र शासन की ओर से महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी की ओर “जैनेन्द्र कुमार उपन्यास पुरस्कार स्वर्ण” के लिए प्रयागराज निवासी वीरेन्द्र ओझा का चयन हुआ है। भारतीय राजस्व सेवा (आयकर) के वरिष्ठ अधिकारी श्री ओझा को यह सम्मान उनके हिन्दी साहित्य में दिए विशेष योगदान के लिए दिया जाएगा।
महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी ने वर्ष 2023-24 के लिये साहित्य पुरस्कारों की घोषणा की है। जिसके अंतर्गत वीरेन्द्र ओझा को महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी ने उनकी कृति “इलाहाबाद डायरी-एक गैर मामूली दास्तान” के लिए ‘जैनेन्द्र कुमार उपन्यास पुरस्कार स्वर्ण’ से सम्मानित किया जाएगा। अकादमी की ओर से उन्हें 75 हजार रुपये की नकद राशि के साथ ‘सम्मान चिन्ह’ और ‘सम्मान पत्र’ प्रदान किया जायेगा।
यह जानकारी सेन्ट्रल ब्यूरो ऑफ कम्यूनिकेशन प्रयागराज अधिकारी राम मूरत विश्वकर्मा ने शनिवार काे दी। उन्होंने बताया कि श्री ओझा भारतीय राजस्व सेवा (आयकर) के 1993 बैच के अधिकारी हैं तथा वर्तमान में मुम्बई में ‘प्रधान आयकर आयुक्त’ के पद पर कार्यरत है। 18 मार्च 2025 को अकादमी की ओर से आयोजित हिन्दी साहित्य पुरस्कार प्रदान समारोह में श्री ओझा को उक्त पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा।
वीरेन्द्र ओझा अपने प्रशासनिक दायित्वों के साथ साथ साहित्य एवं खेलों में भी रुचि रखते हैं। उन्हाेंने काव्य संग्रह ‘कुछ शब्द मेरे’ एवं दो उपन्यास ‘इलाहाबाद डायरी-एक गैर मामूली दास्तान’ एवं ‘दास्तान और भी है’ काव्य प्रकाशित हो चुके हैं। श्री ओझा लम्बी दूरी के मैराथन धावक भी है और कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भागीदारी कर चुके हैं। वे दक्षिण अफ्रीका की 89 किमी. की कठिन पहाड़ियों के अल्ट्रा मैराथन में कांस्य पदक प्राप्त कर चुके है। उन्हाेंने भारत में गुवाहाटी से शिलांग तक की 101 किमी. की दौड़ स्वच्छ धन अभियान के लिये किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र