सारण के विभास्कर एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स के 100 मीटर व रिले रेस में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
सारण, 06 जुलाई (हि.स.)। सोनपुर के धावक विभास्कर कुमार अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स ट्रैक पर भारत की उम्मीद बनकर उभरे हैं। आगामी 9 से 12 जुलाई तक चीन के ऑर्डोस शहर में आयोजित होने वाली अंडर-23 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा घोषित भारतीय टीम में विभास्कर का चयन किया गया है।
बिहार राज्य एथलेटिक संघ के अध्यक्ष सलीम परवेज के द्वारा विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई जानकारी के अनुसार इस प्रतियोगिता में 100 मीटर और 4 100 मीटर रिले स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विभास्कर ने इस वर्ष रांची में आयोजित फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पुरुष 100 मीटर हीट में 10.36 सेकेंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर सनसनी मचा दी थी। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने न केवल एशियाई चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया, बल्कि राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी धावकों को भी पीछे छोड़ दिया।
महज 13 वर्ष की उम्र से दौड़ की शुरुआत करने वाले विभास्कर का सफर आसान नहीं रहा। चोट और कोरोना काल के अवरोधों को पार करते हुए, उन्होंने बिहार सरकार के एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत बेंगलुरु में कोच मनोज लोगराज के मार्गदर्शन में कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त किया। चीन में वे सम वसंत, हर्ष राउत, मोहम्मद शान और लैकिक मेलगे के साथ रिले टीम का हिस्सा होंगे।
इस उपलब्धि पर जिला व राज्य एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सलीम परवेज और सचिव गजेंद्र कुमार सिंह सहित खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि बिहार में खेल का माहौल बदल चुका है और विभास्कर की यह सफलता राज्य के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकने की नई प्रेरणा देगी।

