चलती ट्रेन से महिला का बैग गिराया, आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया
- DSS Admin
- May 24, 2026
भागलपुर, 24 मई (हि.स.)। भागलपुर - नाथनगर रेलखंड पर रविवार को चलती ट्रेन में महिला यात्री का बैग गिराने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद नाथनगर स्टेशन पर जमकर हंगामा हुआ। स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। बाद में आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि महिला ने आरोप लगाया कि वह साहेबगंज से ट्रेन में आ रही थी। इसी दौरान ट्रेन में आइसक्रीम बेचने वाला एक युवक उसके बैग को पैर से धक्का देकर भागलपुर और नाथनगर स्टेशन के बीच नीचे गिरा दिया। महिला के अनुसार बैग में पैसा और कुछ सामान था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसी युवक ने एक अन्य लड़के का नींबू से भरा बोरा भी ट्रेन से नीचे गिरा दिया, जिसमें करीब 500 से 600 पीस नींबू थे। नाथनगर स्टेशन पहुंचते ही महिला शोर मचाने लगी। हंगामा सुनकर स्थानीय लोग जुट गए और आरोपी युवक को पकड़ लिया। लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। आरपीएफ मामले की जांच में जुट गई है।

