केजरीवाल ने लालू राज की यादें ताजा कर दीं - वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली प्रदेश केअध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गुरुवार को कहा कि केजरीवाल शासन में दिल्ली की सड़कों का वही हाल हो गया है जो लालू राज में बिहार की सड़कों का हुआ करता था। उन्होंने कहा है कि केजरीवाल सरकार के दस साल में दिल्ली विकास कार्यों में चार दशक पीछे चली गई है। अपनी ‘झेंप’ मिटाने के लिए केजरीवाल नई बनी मुख्यमंत्री आतिशी के साथ निरीक्षण करने की नौटंकी कर रहे हैं।

वीरेंद्र सचदेवा ने गुरूवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि साढ़े 9 साल के शासन में केजरीवाल ने दिल्ली का विकास ठप्प कर सड़कों को बदहाल कर डाला, पर कभी कोई निरिक्षण नही किया। अब मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र देकर और नई मुख्यमंत्री को साथ लेकर निरीक्षण की नौटंकी कर रहे हैं । केजरीवाल सरकार की अकर्मण्यता भ्रष्टाचार का परिणाम है कि देश की राजधानी में इस वर्ष के मानसून में जलजमाव एवं बिजली करंट जैसे मामूली कारणों से लगभग 50 लोगों की अप्राकृतिक कारणों से मौत हुई। आज दिल्ली के हर क्षेत्र में ऐसी सड़कें देखने को मिल रही हैं जिन्हें देखकर लोग कहते हैं कि सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क हैं।

सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की पूरी राजनीतिक यात्रा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की ही तरह है। 1977 से 1990 के बीच लालू यादव ने बिहार में परिवर्तन का सपना बेचा और 1990 में सत्ता में आते ही बिहार को आराजकता एवं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया । अपने प्रेरणास्रोत लालू यादव की ही तरह अरविंद केजरीवाल ने 2007 से 2013 तक दिल्ली की जनता को खूब गुमराह किया और उसके बाद सत्ता में आये तो दिल्ली को आराजकता, भ्रष्टाचार में धकेल दिया। इसीलिए ये दोनों भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जा चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर