बंगाल में 2021 चुनाव बाद हिंसा मामलों में सीआईडी ने दर्ज की 181 नई प्राथमिकी

कोलकाता, 18 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामलों में राज्य की अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने नई कार्रवाई शुरू की है। सीआईडी अधिकारियों के अनुसार, अब तक 458 नई जांच प्रक्रियाएं शुरू की गई हैं और 181 नई प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इसके अलावा 59 मामलों को दोबारा खोला गया है।

सीआईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि चुनाव बाद हिंसा से संबंधित प्राप्त शिकायतों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि एजेंसी उन मामलों की भी दोबारा जांच कर रही है, जिनमें पहले अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर मामले बंद कर दिए गए थे।

अधिकारी के अनुसार अब तक ऐसे 59 मामलों को फिर से खोला गया है और उनमें नए सिरे से जांच शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया लगातार जारी है।

उल्लेखनीय है कि, वर्ष 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राज्य के कई जिलों में हिंसा, हमले, धमकी और लोगों के विस्थापन के आरोप लगे थे। इन घटनाओं को लेकर व्यापक राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ था और विभिन्न स्तरों पर जांच शुरू की गई थी।

इसी हफ्ते राज्य विधानसभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया था कि 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद चुनावी हिंसा की 12,500 हजार प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इन सभी मामलों में दोबारा जांच होगी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-------------------

   

सम्बंधित खबर