800 सालों की गुलामी के बाद बंगाल में आया भगवा राज : दीपांजन गुहा
- DSS Admin
- Jun 13, 2026

कोलकाता, 13 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के चंदननगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दीपांजन गुहा ने दावा किया है कि 800 सालों की गुलामी के बाद पश्चिम बंगाल में भगवा राज आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित और राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए काम करना होगा।
केदारनाथ सिंह स्मृति सेवा प्रतिष्ठान की ओर से 10वीं और 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए दीपांजन गुहा ने यह टिप्पणी की। अपने भाषण में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को इन सरकारों की गलतियों से सबक लेते हुए संगठन और समाज के लिए अधिक सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने उन्हें समावेशी सोच और राष्ट्र सेवा का संस्कार दिया है। उनके अनुसार, प्रत्येक हिंदू में स्वयंसेवक बनने की क्षमता है और समाज को जागृत कर राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक वैभवशाली राष्ट्र के निर्माण के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना भाजपा की प्राथमिकता है।
चंदननगर के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विधायक ने कहा कि यहां की जगद्धात्री पूजा विश्व प्रसिद्ध है, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने कोलकाता में दुर्गा पूजा कार्निवल को बढ़ावा देकर इसकी पहचान को प्रभावित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा कार्निवल के बजाय शोभायात्रा की परंपरा का समर्थन करती रही है और इस वर्ष चंदननगर की जगद्धात्री पूजा को और भव्य रूप दिया जाएगा।
दीपांजन गुहा ने कहा कि चंदननगर को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कुंभ मेले की तर्ज पर होमस्टे व्यवस्था विकसित करने तथा राज्य के बाहर से आने वाले पर्यटकों के स्वागत के लिए स्थानीय लोगों से सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि गंगा नदी में बोट पर्यटन को बढ़ावा देने और चंदननगर के फ्रांसीसी इतिहास को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है।
विधायक ने कहा कि चंदननगर का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। यह भूमि कन्हाई लाल, श्री अरविंद, रवींद्रनाथ ठाकुर सहित अनेक महान विभूतियों और स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि इस समृद्ध विरासत को नई पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही चंदननगर में एक लाइट एंड साउंड शो की शुरुआत होगी जो शहर के समृद्ध इतिहास को दर्शाएगा। यह यहां आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के अवसर पर उन्हें बधाई देते हुए दीपांजन गुहा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा को राष्ट्र निर्माण की विचारधारा बताया। उन्होंने कहा कि एक समय संघ की शाखाओं का मजाक उड़ाया जाता था, लेकिन आज उसी विचारधारा से जुड़े स्वयंसेवक देश और दुनिया को नेतृत्व दे रहे हैं।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने चंदननगर की जनता को आश्वस्त किया कि वह विधानसभा क्षेत्र को पश्चिम बंगाल की सबसे विकसित, समृद्ध और वैभवशाली विधानसभा बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। इसके लिए उन्होंने सभी नागरिकों से एकजुट होकर विकास की प्रक्रिया में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
------------------

