युवा डॉक्टर की मौत मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, माता-पिता ने शुभेंदु अधिकारी से लगाई गुहार
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
कोलकाता, 13 जून (हि.स.)। आरजी कर मामले की पृष्ठभूमि के बीच राज्य में एक और युवा चिकित्सक की रहस्यमय परिस्थितियों मौत को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। आरजी कर घटना से करीब दो महीने पहले 24 वर्षीय हाउस स्टाफ डॉक्टर अमर्त्य घोषाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनका शव मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर बरामद किया गया था।
इसी मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर मृतक डॉक्टर के माता-पिता ने शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की।
डॉ. घोषाल के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की मौत के पीछे मेडिकल संस्थानों में व्याप्त कथित थ्रेट कल्चर यानी धमकी की संस्कृति जिम्मेदार हो सकती है।
रूबी निवासी अमर्त्य के पिता विवेकानंद घोषाल ने बताया कि बेटे की मौत के बाद संदीप राय नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन वे पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं थे। परिवार का आरोप है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था। पुलिस जांच में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिवार ने का दरवाजा खटखटाया था।
मामले की सुनवाई के दौरान तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश टी. एस. शिवज्ञानम ने पुलिस जांच पर गंभीर असंतोष व्यक्त करते हुए मामले की जांच सीआईडी को सौंपने का निर्देश दिया था। हालांकि परिवार का कहना है कि सीआईडी जांच से भी कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया और वे उससे भी बेहद निराश हैं।
अपने बेटे की मौत के पीछे कथित थ्रेट कल्चर की सच्चाई सामने लाने और वास्तविक दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को अमर्त्य घोषाल के माता-पिता ने शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान भावुक माता-पिता ने अपनी पीड़ा और आरोपों को विस्तार से रखा।
परिवार के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी ने उनकी सभी बातों को गंभीरता से सुना और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए एक विशेष जांच दल (एसटीएफ) गठित कराने का आश्वासन दिया है।
आरजी कर प्रकरण के बाद राज्य के चिकित्सा जगत में पहले से ही तनाव का माहौल है। ऐसे में एक अन्य युवा डॉक्टर की रहस्यमयी मौत को लेकर उठे सवालों ने चिकित्सा समुदाय और राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
---------------

