विवादित तस्वीर के बाद चर्चा में आए कोलकाता पुलिस के गौतम दास को नवान्न भेजने की तैयारी

कोलकाता, 27 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में कोलकाता पुलिस अधिकारी गौतम दास को नवान्न भेजने का निर्देश जारी किया गया है। विधानसभा चुनाव से पहले विवादों में आए गौतम दास को उस समय निलंबित कर दिया गया था। अब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद उन्हें नई जिम्मेदारी दिए जाने की तैयारी की जा रही है।

पूरा विवाद एक तस्वीर को लेकर शुरू हुआ था। उस तस्वीर में गौतम दास कथित तौर पर एक अत्याधुनिक बंदूक हाथ में लेकर थाने में अपनी कुर्सी पर बैठे दिखाई दिए थे। तस्वीर में उन्होंने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। हालांकि तस्वीर की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी थी। आरोप था कि यह तस्वीर उन्होंने स्वयं फेसबुक और व्हाट्सऐप स्टेटस पर साझा की थी।

तृणमूल नेता जयप्रकाश मजूमदार ने सबसे पहले इस तस्वीर को सार्वजनिक किया था। उन्होंने कहा था कि इस तरह की तस्वीर न केवल असहज करने वाली है, बल्कि कानूनी रूप से भी आपत्तिजनक है। उनका आरोप था कि तस्वीर से ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे किसी को निशाना बनाया जा रहा हो।

विवाद बढ़ने के बाद लालबाजार प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गौतम दास को निलंबित कर दिया था। उनकी जगह चामेली मुखोपाध्याय को कालीघाट थाने का नया प्रभारी बनाया गया। हालांकि 24 घंटे के भीतर फिर बदलाव करते हुए बलाई बाग को नया ओसी नियुक्त कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि गौतम दास फिलहाल कोलकाता पुलिस के साउथ डिवीजन में तैनात हैं और अब उन्हें नवान्न भेजने का आदेश जारी किया गया है।

विधानसभा चुनाव के दौरान कालीघाट थाने में कई बार ओसी बदले गए थे। 29 मार्च को उत्पल घोष को कालीघाट थाना प्रभारी बनाया गया था। वह कोलकाता पुलिस की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट में कार्यरत थे, लेकिन एक महीने के भीतर ही चुनाव आयोग ने उन्हें हटा दिया। इसके बाद 25 अप्रैल को गौतम दास को कालीघाट थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस समय वह कोलकाता पुलिस की स्पेशल ब्रांच में तैनात थे।---------------

   

सम्बंधित खबर