एआई तकनीक का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएंगे : सीए विनीत रुंगटा
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
कानपुर, 27 जून (हि.स.)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग तेजी से हर क्षेत्र में बढ़ रहा है। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स भी इस तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल कर अपने क्लाइंट्स को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। साथ ही समाज को भी एआई के लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा। यह बातें शनिवार को कानपुर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सोसायटी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए विनीत रुंगटा ने कहीं।
कानपुर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सोसायटी की 39वीं वार्षिक आम सभा हरिहर नाथ शास्त्री भवन, खलासी लाइन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष सीए अखिलेश तिवारी ने की। इस दौरान वर्षभर आयोजित शैक्षणिक, व्यावसायिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। साथ ही संस्था की आय-व्यय का वार्षिक लेखा-जोखा और ऑडिट रिपोर्ट सदस्यों के समक्ष रखी गई, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
आम सभा में वर्षभर आयोजित व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों, वेबिनार, सेमिनार, आयकर एवं जीएसटी से जुड़े तकनीकी सत्रों, आवासीय रिफ्रेशर कोर्स, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारिवारिक मिलन और टी-20 क्रिकेट लीग जैसी गतिविधियों की समीक्षा की गई। वरिष्ठ सदस्यों और बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने संगठन की भावी योजनाओं एवं विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।
सभा में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से सीए विनीत रुंगटा को अध्यक्ष, सीए वैभव गुप्ता को सचिव, सीए विवेक बेरीवाल को कोषाध्यक्ष तथा सीए आकाश गुप्ता को संयुक्त सचिव चुना गया। वहीं सीए शाश्वत गुप्ता को सोसायटी का ऑडिटर नियुक्त किया गया।
अध्यक्षीय संबोधन में सीए अखिलेश तिवारी ने कहा कि बदलते कर ढांचे, जीएसटी अनुपालन, फेसलेस असेसमेंट, डेटा एनालिटिक्स, ऑडिट मानकों और तकनीक आधारित पेशेवर माहौल में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। सोसायटी का उद्देश्य अपने सदस्यों को अद्यतन जानकारी, व्यावहारिक अनुभव और मजबूत पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित सदस्यों ने स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कानपुर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सोसायटी पेशेवर उत्कृष्टता और सदस्यों के हितों के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।

