तिलक, पुष्पवर्षा और मिठाई से हुआ स्वागत, परिषदीय विद्यालयों में नए सत्र की हुई उत्साहपूर्ण शुरुआत

देवरिया, 02 जुलाई (हि.स.)।

गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद गुरुवार को देवरिया के परिषदीय विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साह, उल्लास और पारंपरिक स्वागत के साथ हुई। जिले के 2,121 परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। पहले ही दिन विद्यालयों में बच्चों की अच्छी उपस्थिति दर्ज होने से शिक्षकों और अभिभावकों में भी उत्साह देखने को मिला।

लार विकासखंड के बीआरसी स्थित कंपोजिट विद्यालय में खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह और अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह की मौजूदगी में प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर विद्यार्थियों का स्वागत किया। कंपोजिट विद्यालय करमुआ, राउतपार अमेठिया और रामनगर सहित अन्य विद्यालयों में भी रोली-चंदन का तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर बच्चों को नए सत्र की शुभकामनाएं दी गईं।

पीएमश्री जूनियर हाई स्कूल में प्रधानाध्यापक भीम प्रसाद प्रजापति ने विद्यार्थियों को माल्यार्पण कर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं प्राथमिक विद्यालय पकहा में प्रभारी प्रधानाध्यापक नेबुलाल प्रसाद के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों को मिठाई वितरित कर पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया गया।

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बघौचघाट में वार्डन अर्चना यादव ने छात्राओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प दिलाया। विद्यालयों में पहले दिन का उत्साहपूर्ण माहौल बच्चों के चेहरों पर साफ झलक रहा था और शिक्षकों ने नए शैक्षणिक सत्र को ज्ञान, संस्कार और सफलता का नया अध्याय बताया।

   

सम्बंधित खबर