नाला निर्माण कार्य का मुख्य पार्षद ने किया निरीक्षण

सुपौल, 06 जुलाई (हि.स.)।

शहर में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चल रहे नाला निर्माण कार्य का नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा 'राघव' ने निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्षद ने कहा कि हुसैन चौक से सहरसा मुख्य मार्ग तक चल रही नाला निर्माण परियोजना जनहित से जुड़ी एक महत्वपूर्ण योजना है।

इसके पूरा होने से शहर की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या से लोगों को काफी हद तक राहत मिलेगी।उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने तथा कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहरी वातावरण विकसित करना तथा जल निकासी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

उन्होंने भरोसा जताया कि परियोजना पूरी होने के बाद लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बारिश के समय होने वाली जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद राजा हुसैन, बबलू कामत, कन्हैया सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर