पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान में गर्मी से राहत, 24 मई से फिर बढ़ेगा तापमान

जयपुर, 22 मई (हि.स.)। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के तापमान में गिरावट दर्ज होने से आमजन को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में फिर से तापमान बढ़ने और हीटवेव चलने की संभावना जताई है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कमी दर्ज की गई, लेकिन तेज धूप और गर्मी का असर बरकरार रहा।

शुक्रवार को प्रदेश के 25 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि चार शहरों में पारा 44 डिग्री के पार रहा। चित्तौड़गढ़ 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि संगरिया में न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश की सबसे गर्म रात रही। मौसम विभाग के अनुसार चित्तौड़गढ़ के अलावा फलौदी, बीकानेर और चूरू का अधिकतम तापमान भी 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं संगरिया, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, जयपुर और अलवर में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। उन्होंने कहा कि 24 मई से एक बार फिर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है और राज्य के कुछ क्षेत्रों में हीटवेव तथा कहीं-कहीं तीव्र हीटवेव की स्थिति बन सकती है। उन्होंने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 23 मई को उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में दोपहर बाद मेघगर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा, जबकि कुछ स्थानों पर उष्ण रात्रि की स्थिति दर्ज की गई।

राजधानी जयपुर में दिनभर हल्की हवाएं चलने से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन गर्मी का असर बना रहा। शहर का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को दोपहर बाद जयपुर में तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर