विंबलडन : मुचोवा ने पूर्व चैंपियन क्रेजिकोवा को हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
लंदन, 05 जुलाई (हि.स.)। चेक गणराज्य की स्टार टेनिस खिलाड़ी कैरोलीना मुचोवा ने विंबलडन 2026 के महिला एकल वर्ग के चौथे दौर में पूर्व चैंपियन और हमवतन बारबोरा क्रेजिकोवा को 7-5, 5-7, 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस हार के साथ ही यह तय हो गया कि इस वर्ष विंबलडन महिला एकल को नया चैंपियन मिलेगा।
मुचोवा ने अपने करियर में तीसरी बार विंबलडन के अंतिम आठ में जगह बनाई है। दो घंटे 45 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में उन्होंने शानदार संयम और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। बैड होम्बर्ग ओपन का खिताब जीतने के बाद यह उनकी लगातार आठवीं जीत भी रही।
अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना विश्व नंबर एक आर्यना सबालेंका और चार बार की ग्रैंड स्लैम विजेता नाओमी ओसाका के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगा।
पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। कई ब्रेक प्वाइंट बचाने के बाद मुचोवा ने 12वें गेम में ब्रेक हासिल किया और 7-5 से सेट अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में मुचोवा ने 5-2 की बढ़त बना ली थी और जीत के करीब पहुंच गई थीं, लेकिन 2024 की विंबलडन चैंपियन क्रेजिकोवा ने शानदार वापसी करते हुए लगातार पांच गेम जीते और 7-5 से सेट जीतकर मुकाबले को निर्णायक सेट में पहुंचा दिया।
तीसरे और अंतिम सेट में मुचोवा ने शुरुआत से ही दबदबा बनाया। 1-1 की बराबरी के बाद उन्होंने लगातार तीन गेम जीतकर 4-1 की बढ़त बना ली। इस दौरान क्रेजिकोवा शारीरिक रूप से संघर्ष करती नजर आईं। मुचोवा ने बिना दबाव में आए मैच समाप्त किया और अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की कर ली।
मैच के आंकड़ों में भी मुचोवा का दबदबा साफ दिखा। उन्होंने 50 विनर्स लगाए और केवल 29 अनफोर्स्ड एरर किए, जबकि क्रेजिकोवा ने 24 विनर्स लगाए लेकिन 32 अनफोर्स्ड एरर कर बैठीं। नेट पर भी मुचोवा ने 31 में से 23 अंक (74 प्रतिशत सफलता) अपने नाम किए।
दोनों खिलाड़ियों के बीच डब्ल्यूटीए टूर पर यह पहली भिड़ंत थी। आईटीएफ मुकाबलों को मिलाकर अब दोनों का आपसी रिकॉर्ड 2-2 की बराबरी पर आ गया है। इसके साथ ही मुचोवा ने डब्ल्यूटीए स्तर पर चेक खिलाड़ियों के खिलाफ अपनी लगातार 11वीं जीत दर्ज की।
------------------------

