यमुनानगर, 17 मई (हि.स.) यमुनानगर जिले में पश्चिमी यमुना नहर से एक वृद्ध महिला का शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला बुड़िया थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार सुबह ग्रामीणों ने नहर में एक महिला का शव बहता देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की सहायता से बुढ़िया पुल के निकट नहर से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार महिला की आयु लगभग 60 से 65 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव बिना वस्त्रों के मिला है, जिसके चलते पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। महिला के एक हाथ पर ‘ऊँ’ का चिन्ह बना हुआ है। इसके अतिरिक्त हाथों में कड़े तथा उंगलियों में अंगूठियां भी मिली हैं, जिनके आधार पर पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच अधिकारी जगदीप मोर ने बताया कि रविवार सुबह सूचना प्राप्त हुई थी कि दादूपुर की दिशा से नहर में शव बहता हुआ दिखाई दिया है।
इसके बाद गोताखोरों को बुलाकर राहत कार्य शुरू कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में भिजवा दिया है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस महिला की मृत्यु के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत पड़ताल में जुटी हुई है।
---------------

