नवरात्र मेले में डेढ़ लाख के गहने चुराने वाली महिला गिरफ्तार

बीकानेर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की देशनोक पुलिस ने नवरात्र मेले में महिलाओं के गले से चेन चुराने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। महिला ने देशनोक करणी माता मंदिर में नवरात्र मेले के दौरान वारदात की। चुराए गए गहनों की कीमत डेढ़ लाख के करीब है।

मां करणी जन्मोत्सव झांकी के दौरान श्रद्धालुओं के बीच पुलिस ने महिला की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला किरण बावरी (32) पत्नी विनोद है। वह हनुमानगढ़ के वार्ड नम्बर 41 सुरेशिया बस्ती की रहने वाली है। महिला करणी मन्दिर परिसर में ही चोरी करती थी। भीड़-भाड़ को देखकर दर्शनार्थी महिलाओं का ध्यान भटकाकर मौका पाकर गले से चेन, माला, मूर्तियां, लॉकेट चुरा लेती थी। चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस ने नजर रखना शुरू किया।

सीसीटीवी फुटेज से महिला की पहचान की और हिरासत में लेकर पूछताछ की। महिला ने जुर्म कबूल कर लिया और चुराए हुए गहने सौंप दिए। इस कार्रवाई में देशनोक थानाधिकारी सुमन शेखावत की विशेष भूमिका रही। इसके अलावा एएसआई हनुमन्तसिंह, कॉन्स्टेबल राजेन्द्र सुमन भी टीम में शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

   

सम्बंधित खबर