भाभी की हत्या के बाद थाने में देवर ने किया आत्मसमर्पण

हुगली, 25 सितंबर (हि.स.)। मकान बनाने के दौरान हुए विवाद में हुगली जिले के पोलाबा में एक देवर ने अपनी भाभी की हत्या कर दी और इसके बाद उसने थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। घटना को लेकर इलाके में सनसनी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत महिला का नाम पानमणि हांसदा है।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वर्षों पहले महिला के पति की मृत्यु हो गई थी। महिला की बेटी का विवाह भी हो चुका है। महिला का बेटा अन्य राज्य में प्रवासी श्रमिक के रूप में काम करता है। बुधवार सुबह अपने बहन के साथ पानमणि अपने पिता के यहां जा रही थी। घर के पास ही पहले से घात लगाए अमित ने पीछे से पानमणि पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से पानमणि को अस्पताल लेकर जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे तरफ आरोपित देवर अमित ने थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घर बनाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। इसी कारण महिला की हत्या हुई है। ऐसा आरोपित ने पुलिस को बताया है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

   

सम्बंधित खबर