भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ता का हंगामा: हम भाजपा कार्यकर्ता हैं कोई आतंकवादी नहीं

जयपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को वक्फ सुधार जन आंदोलन अभियान की बैठक आयोजित की गई। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर, प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम में उस समय हलचल मच गई जब सांगानेर विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता ने मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए जमकर हंगामा किया।

हंगामा करने वाले कार्यकर्ता की पहचान जगदीश छीपा के रूप में हुई है। जो खुद को भाजपा का पूर्व प्रदेश पदाधिकारी बता रहे थे। जैसे ही मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा बैठक हॉल की ओर बढ़े। उसी दौरान छीपा की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। सुरक्षा कारणों के चलते हुई इस अनदेखी से क्षुब्ध होकर छीपा ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया।

जगदीश छीपा का आरोप था कि कि हम कार्यकर्ता हैं, कोई आतंकवादी नहीं। प्रोटोकॉल के नाम पर हमें हमारे ही मुख्यमंत्री से मिलने से रोका जा रहा है। मैं सांगानेर विधानसभा क्षेत्र का निवासी हूं और पहले भी पार्टी में पदाधिकारी रह चुका हूं। बावजूद इसके मेरी उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जब वे जनसुनवाई में जाते हैं, तब भी मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो पाती। मुख्यमंत्री इतने व्यस्त हैं कि आम कार्यकर्ता उनसे मिल ही नहीं सकता।

घटनास्थल पर मौजूद भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने स्थिति को शांत करने की कोशिश की और छीपा को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाई जाएगी। इसके बाद जगदीश छीपा शांत हुए और मामला समाप्त हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

   

सम्बंधित खबर