मानाह में बीटीआर की महिलाओं के नेतृत्व के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर
- Admin Admin
- Mar 29, 2025

बाक्सा (असम), 29 मार्च (हि.स.)। विश्व धरोहर स्थल मानाह राष्ट्रीय उद्यान के बांहबाड़ी रेंज के समीप स्थित मानाह जंगल रेटरी में 'बोड़ोलैंड वुमन एम्पावरमेंट मिशन' के तहत बीटीआर की महिलाओं के लिए दो दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज समापन हुआ। यह कार्यक्रम बीटीआर सरकार की पहल पर आयोजित किया गया है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन बाक्सा जिले के कोकलाबाड़ी परिषद क्षेत्र के पार्षद मोंटू बोड़ो ने किया। कार्यक्रम का संचालन बोड़ोलैंड वुमन एम्पावरमेंट मिशन की अध्यक्ष प्रतिभा ब्रह्म ने किया। उद्घाटन समारोह में शालबाड़ी टीसीएलसीसी के अध्यक्ष बिनोद मुसाहारी, बीटीसी सचिवालय के महिला और बाल विकास विभाग की विशेषज्ञ पद्मिनी ब्रह्म सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में बाक्सा जिले के विभिन्न स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों की महिलाओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा नेतृत्व कौशल, संगठनात्मक क्षमता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन आज किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को नेतृत्व के क्षेत्र में सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर