औरैया में दैनिक योग से निखर रहा विद्यार्थियों का व्यक्तित्व, स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव

औरैया, 15 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल तहसील क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में ‘मिशन शिक्षण संवाद’ समूह के माध्यम से संचालित दैनिक योग गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला बनती जा रही हैं। नियमित योगाभ्यास से बच्चों के मानसिक, बौद्धिक और शारीरिक स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

जनपद संयोजक ज्ञान प्रकाश के सहयोग से मिशन शिक्षण संवाद समूह द्वारा प्रतिदिन योग गतिविधियाँ, श्यामपट्ट संदेश तथा प्रेरणादायक सामग्री साझा की जाती है। इन संदेशों से प्रेरित होकर अजीतमल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मुड़ैना रुपशाह, ज्ञानपुर प्रताप सिंह, न्यामतपुर, बिरुहूनी और हैदरपुर सहित करीब आधा दर्जन विद्यालयों में नियमित योग कराया जा रहा है। इसके साथ ही भाग्यनगर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय जैतपुर फफूँद एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय रानीपुर फफूँद में भी बच्चों को प्रतिदिन योगाभ्यास कराया जा रहा है। शिक्षकों का कहना है कि योग से विद्यार्थियों में एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना मजबूत हो रही है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी पढ़ाई और व्यवहार में भी दिखाई दे रहा है।

मिशन शिक्षण संवाद समूह केवल योग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से दैनिक श्यामपट्ट संदेश, अमृतवाणी संदेश और बाल जिज्ञासा जैसे शैक्षिक व प्रेरणादायक कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से विद्यालयों का शैक्षिक वातावरण अधिक सुदृढ़ हो रहा है और परीक्षाओं में विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। समय-समय पर शिक्षक कृष्ण कुमार एवं नरेन्द्र कुशवाहा द्वारा बच्चों को विभिन्न आसनों और प्राणायाम की विशेष जानकारी भी दी जाती है। स्थानीय शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए इसे अधिक से अधिक विद्यालयों में लागू करने की आवश्यकता बताई है, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएँ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का लाभ प्राप्त कर सकें।

--------------

   

सम्बंधित खबर