युद्धचंद बैंस ने सरकार पर झूठा मुकदमा दायर करने का लगाया आरोप
- DSS Admin
- May 14, 2026
मंडी, 14 मई (हि.स.)। मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र से संबंध रखने वाले पूर्व कांग्रेस नेता एवं होटल व्यवसायी युद्धचंद बैंस ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दायर करने का आरोप लगाया है। यहां पत्रकारों से बात करते हुए बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पुलिस और विजीलेंस का उनके खिलाफ दुरूपयोग कर रहे हैं। जबकि माननीय उच्च न्यायालय ने बीते कल उनकी जमानत जारी रखी है।
मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि एक स्थानीय नेता ने कहा कि आपका बैंकों में करोड़ों रूपए रूके हुए हैं। अगर आप पार्टी फंड देते हैं तो आपको यह पैसा रिलीज करवा दिया जाएगा।
बैंस ने कहा कि प्रदेश में सरकार के लीगल सैल में नब्बे लोगों की फौज होने के बावजूद उनके खिलाफ मामले की पैरवी के लिए सुप्रीम कोर्ट के वकील हायर किए जा रहे हैं। जिन पर करोड़ों रूपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह जनता के टैक्स का पैसा है, जिसे इस तरह बर्बाद किया जा रहा है।
युद्धचंद बैंस ने कहा कि उन्हें भारत सरकार की ओर से सुरक्षा प्रदान की गई है। इसके बावजूद उनको अगवा करने, डराने धमकाने की कोशिश की गई। बैंस ने कहा कि उनकी ओर से ईडी में शिकायत की गई है। जिसके चलते हिमाचल के कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ईडी की रेड पड़ने वाली है। उन्होंने बताया कि मंडी के एक नेता ने अवैध रूप से संपति इक्टठा की है। यही नहीं अपनी पत्नी को अपंग बताकर दुकानें हथिया ली है।
---------------

