
लखनऊ,16 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यमंत्री व मुंबई भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने योगी सरकार की उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए कहा कि देश में चमक रहा है यूपी का भाल (तेज),योगी सरकार के स्वर्णिम आठ साल क्योंकि पूरे देश में यूपी ने नाम रोशन किया है। योगी सरकार के कार्यकाल में आठवें नंबर से दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था हुई। महाराष्ट्र सरकार में फ़िल्म सिटी के उपाध्यक्ष दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे अमरजीत मिश्र ने संकष्टी चतुर्थी को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर उनकी सरकार के स्वर्णिम आठ साल पूरे होने पर उन्हें शाल ओढ़ाकर व सिद्धिविनायक गणेश जी की प्रतिमा देकर उनका अभिनंदन किया। और बीते आठ वर्षों को उत्तर प्रदेश के आर्थिक-आध्यात्मिक उत्कर्ष व अस्मिता के उन्नयन का कालखंड बताया।
अपने दो दिवसीय निजी प्रवास पर लखनऊ आये मुंबई के भाजपा नेता ने सीएम योगी की सरकार के इन आठ वर्षों को अंत्योदय से सर्वोदय की यात्रा निरूपित किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले इसी यूपी के मुखिया अक्सर मदद की आस लेकर दिल्ली दरबार में घुटने टेंकते हुए दिखते थे।मुंबई के उत्तर भारतीय नेता श्री मिश्र ने कहा कि मार्च 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद इसमें अभूतपूर्व बदलाव आया। आज 27.5 हजार करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था के साथ यूपी देश की देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य बन गया है। देश की जीडीपी में उत्तर प्रदेश का योगदान 9.2 फीसद है।
श्री मिश्र ने कहा कि सूबे के मुखिया योगी ने शासन प्रशासन की कार्य संस्कृति में बदलाव कर एक नये उत्तर प्रदेश की गाथा का श्रीगणेश किया है। उन्होंने कहा कि कल तक कर -चोरी के लिए मशहूर उत्तर प्रदेश आज टैक्स सरप्लस स्टेट के रूप में जाना जाता है। भारतीय रिजर्व बैंक ने भी कर की प्राप्तियों में उत्तर प्रदेश को देश में दूसरे स्थान पर रखा है। पिछले पांच वर्षों से रेवेन्यू सरप्लस स्टेट की स्थिति इस बात का प्रमाण है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से आये अमरजीत मिश्र ने दावा किया कि सीएम योगी की मंशा के मुताबिक उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए हो रहे प्रयासों में मुंबई दिल्ली आदि जगहों के उद्योग जगत के महारथी जुड़ने को तैयार बैठे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन