जुबीन गर्ग हत्याकांड : मुख्य आरोपित श्यामकानु महंत की जमानत याचिका पर आज फिर सुनवाई
- DSS Admin
- May 15, 2026
गुवाहाटी, 15 मई, (हि.स.)। बहुचर्चित जुबीन गर्ग हत्याकांड के मुख्य आरोपित श्यामकानु महंत की जमानत याचिका पर आज गौहाटी हाईकोर्ट की न्यायाधीश मिताली ठाकुरिया की अदालत में सुनवाई होगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इस सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वारा कई बार जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद महंत ने गौहाटी उच्च न्यायालय का रुख किया था। हालांकि, 13 मई को गौहाटी उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति पार्थिव ज्योति सैकिया की एकल पीठ ने भी उनकी जमानत याचिका स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। सुनवाई के दौरान अभियोजन और बचाव पक्ष की ओर से विस्तृत दलीलें पेश की गई थीं।
सूत्रों के अनुसार, उच्च न्यायालय से राहत नहीं मिलने के बाद महंत के अधिवक्ताओं ने मामले से जुड़ी आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जमानत याचिका को पंजीकृत करवाया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अप्रैल माह में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने चार्जशीट पर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत पर आदेश सुरक्षित रखा था और 30 अप्रैल को जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
ज्ञात हो कि मामले के एक अन्य मुख्य आरोपित सिद्धार्थ शर्मा की जमानत याचिका भी पूर्व में खारिज की जा चुकी है। मामले की सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया लगातार जनचर्चा का विषय बनी हुई है।
---------

