कोरबा : मानसून तैयारियों का जायजा लेने गेवरा पहुंचे एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन, सुरक्षित उत्पादन पर दिया जोर

मानसून तैयारियों का जायजा लेने गेवरा पहुंचे एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन, सुरक्षित उत्पादन पर दिया जोरमानसून तैयारियों का जायजा लेने गेवरा पहुंचे एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन, सुरक्षित उत्पादन पर दिया जोर

कोरबा, 17 जून (हि. स.)। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने आज बुधवार को गेवरा मेगा परियोजना का व्यापक निरीक्षण कर मानसून तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा उत्पादन गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मानसून के दौरान सुरक्षित एवं निर्बाध कोयला उत्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने डीईपी, केजेएसएल, देव माइनिंग, सैनिक माइनिंग तथा पीएनसी पैच सहित विभिन्न कार्यस्थलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कोयला उत्पादन एवं ओवरबर्डन हटाने (ओबीआर) के कार्यों का जायजा लिया तथा 42 क्यूबिक मीटर क्षमता वाले शॉवेल के संचालन का निरीक्षण करते हुए उत्पादकता एवं परिचालन दक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।

मानसून को ध्यान में रखते हुए दुहन ने विभिन्न पंपिंग स्टेशनों एवं जल निकासी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वर्षा के दौरान खदानों में जलभराव की स्थिति से बचने तथा खनन कार्यों को निर्बाध बनाए रखने के लिए प्रभावी ड्रेनेज एवं डी-वाटरिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएमडी ने कहा कि मानसून अवधि में उत्पादन बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों के नियमित प्रशिक्षण, सतत निगरानी तथा सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।

दौरे के दौरान उन्होंने उत्पादन, उत्पादकता, ओबीआर तथा कोयला डिस्पैच की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर दुहन ने गेवरा वर्कशॉप में डंपर ऑपरेटरों के कौशल विकास के लिए जेमको द्वारा स्थापित अत्याधुनिक प्रशिक्षण सिम्युलेटर का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण से ऑपरेटरों की कार्यकुशलता और सुरक्षा दोनों में वृद्धि होगी।

निरीक्षण के दौरान गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय मिश्रा, मुख्यालय से महाप्रबंधक (ई एंड एम) श्रीकांत दास, महाप्रबंधक (उत्खनन) दीपक कुमार, महाप्रबंधक (सुरक्षा) प्रकाश राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर