अमृतसर एयरपोर्ट पर कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई:सॉफ्ट टॉय में छिपाकर लाई गई 25 किलो संदिग्ध एमडीएमए बरामद, 1 गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 10, 2026
अमृतसर में श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कस्टम्स ने एक यात्री को गिरफ्तार कर करीब 25 किलो से अधिक संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किए। यह कार्रवाई एपीआईएस प्रोफाइलिंग के आधार पर की गई। कुआलालंपुर रूट से अमृतसर पहुंचा था तस्कर जानकारी के अनुसार, यात्री कंबोडिया से कुआलालंपुर के रास्ते फ्लाइट नंबर एमएच-118 से अमृतसर पहुंचा था। संदेह के आधार पर कस्टम अधिकारियों ने यात्री को रोककर उसके सामान की गहन जांच की। एक्स-रे स्कैनिंग और तलाशी के दौरान अधिकारियों को चार सॉफ्ट टॉय के अंदर छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में टैबलेट्स मिलीं। बरामद टैबलेट्स का कुल वजन करीब 25 दशमलव 25 किलोग्राम बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में इन टैबलेट्स के मेथिलीनडाइऑक्सीमेथामफेटामाइन यानी एमडीएमए होने का संदेह है, जो कि नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांसेज एक्ट 1985 के तहत प्रतिबंधित मादक पदार्थ है। अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क की जांच तेज कस्टम विभाग ने बरामद माल को जब्त कर लिया है और आरोपी यात्री को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के पूरे रूट का पता लगाने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। अमृतसर कस्टम्स की इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

