बरनाला में BJP नेता व पत्नी पर जानलेवा हमला:हवाई फायर करने के बाद आरोपी हुए फरार; मोटरसाइकिल पर आए थे हमलावर

बरनाला में भाजपा के जिला महासचिव और नगर कौंसिल के पूर्व उपाध्यक्ष नरेंद्र गर्ग नीटा और उनकी पत्नी ममता गर्ग पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। यह घटना मंगलवार रात को हुई, जिसमें हमलावर हवाई फायर के बाद मौके से फरार हो गए। नरेंद्र गर्ग नीटा ने जानकारी दी कि मंगलवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वे एक कार्यक्रम से लौटकर अपने घर जा रहे थे। रामबाग रोड पर सर्विहितकारी स्कूल वाली गली में मुड़ते ही 2 मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। हमलावरों के पास हथियार थे और उन्होंने उन पर हमला करने का प्रयास किया। नशे में लग रहे थे हमलावर अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए नरेंद्र गर्ग ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से 2 हवाई फायर किए। हवाई फायर से घबराकर आरोपी तुरंत मौके से भाग निकले। इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। गर्ग के अनुसार, हमलावर नशेड़ी लग रहे थे और उनका उद्देश्य लूटपाट करना था। उन्होंने कहा कि उनके पास हथियार होने के कारण एक बड़ा नुकसान होने से बच गया। पुलिस बोली-जल्द आरोपियों को करेंगे गिरफ्तार जिला पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर लखविंदर सिंह ने बताया कि मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर