बरनाला में 1 किलो 22 ग्राम अफीम बरामद:पुलिस ने दो नशा तस्करों को पकड़ा, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

पंजाब के बरनाला जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 1 किलो 22 ग्राम अफीम के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, सहायक थाना अधिकारी (एसएचओ) सुरिंदर सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के संबंध में भदौड़ से मझूके की तरफ रवाना थे। जब पुलिस पार्टी घईल प्लाट को पार कर थोड़ी दूरी आगे पहुंची, तो सामने से दो व्यक्ति पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस गाड़ी को देखते ही दोनों युवक घबरा गए और मौके से भागने की कोशिश करने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने तुरंत गाड़ी रुकवाई और दोनों का पीछा कर उन्हें काबू कर लिया। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार किया पूछताछ में उनकी पहचान फिरोजपुर जिले के गांव मियां सिंह वाला निवासी जसपिंदर सिंह पुत्र सरबजीत सिंह और जसवीर सिंह पुत्र जीत सिंह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद प्लास्टिक के थैले से 1 किलो 22 ग्राम काले-भूरे रंग की अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही नशे को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। भदौड़ पुलिस का कहना है कि इलाके में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह अफीम कहां से लाए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले की जांच जारी है।

   

सम्बंधित खबर