बरनाला में जमीन विवाद में बुजुर्ग महिला ने पीया जहर:परिजन बोले- करीबी रिश्तेदार पीड़िता की जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं

बरनाला जिले के ठुल्लेवाल गांव में जमीन विवाद के चलते एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया है। परिजनों ने इस मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला की पहचान सरबजीत कौर के रूप में हुई है। उनके परिजनों का आरोप है कि उनके कुछ करीबी रिश्तेदार सरबजीत कौर की जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। जबकि जमीन के सभी कानूनी दस्तावेज सरबजीत कौर के नाम पर हैं। सरबजीत कौर के बेटे गुरदीप सिंह ने बताया कि रविवार को जब वह घर पर नहीं थे, तो उनके ताया के लड़के ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। जब उनकी मां सरबजीत कौर को इसकी जानकारी मिली, तो वह तुरंत खेत पहुंचीं और विरोध किया। आरोपियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोप आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। इससे आहत होकर सरबजीत कौर ने मौके पर ही जहरीली दवाई पी ली।महिला को गंभीर हालत में बरनाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने चार दिन पहले भी आरोपियों द्वारा जमीन पर कब्जा करने के प्रयास की शिकायत ठुल्लीवाल पुलिस थाने में दी थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। दूसरी ओर, ठुल्लीवाल थाना के एसएचओ गुरपाल सिंह ने स्वीकार किया कि उन्हें इस संबंध में पहले शिकायत मिली थी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था, लेकिन एक पक्ष उपस्थित नहीं हुआ। एसएचओ ने कहा कि नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर