नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम (एनएनएफ इंडिया) की पहल के तहत मिलिट्री अस्पताल कैंट में नवजात शिशु पुनर्जीवन पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एनएनएफ इंडिया के अनुसार देश में राष्ट्रीय नवजात शिशु पुनर्जीवन दिवस 10 मई को मनाया जाता है और इसी कड़ी में डॉक्टरों व नर्सों को नवजात पुनर्जीवन का बुनियादी प्रशिक्षण दिया जाता है। कार्यक्रम में प्रसव सहायता से जुड़े कर्मियों को यह जानकारी दी गई कि जन्म के बाद शिशु के न रोने या ठीक से सांस न ले पाने की स्थिति में कौन-कौन से प्राथमिक वैज्ञानिक तरीके अपनाए जा सकते हैं, ताकि समय पर मदद देकर शिशु का जीवन संभाला जा सके। साथ ही नवजात देखभाल से जुड़े अन्य विषयों पर भी सत्र रखे गए। पिम्स अस्पताल के पीडियाट्रिक्स विभाग के हैड प्रोफेसर डॉ. जतिन्दर सिंह और प्रोफेसर डॉ. अनुराधा बांसल ने अपनी टीम के साथ प्रशिक्षण का संचालन किया। एनएनएफ के अध्यक्ष लल्लन कुमार भारती के नेतृत्व में देशभर में ऐसे कौशल-आधारित कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस अवसर पर डॉ. गुरदीप काजल और डॉ. अरविंद भी उपस्थित रहे।

