बरनाला में युवक ने फंदा लगाया:बहन को भगाने से आहत था, जेब से मिला सुसाइड नोट; लिखा- सचिन मेरी मौत का जिम्मेदार

बरनाला जिले में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि उसकी नाबालिग बहन को भगाकर ले जाने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में एक व्यक्ति को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना बरनाला के गुरु तेग बहादुर नगर क्षेत्र की है। मृतक की पहचान अश्वनी कुमार के रूप में हुई है। उसके पिता मुकेश राम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी काजल को 19 मई 2026 को सचिन राजपूत नामक युवक अपने साथ ले गया था। शिकायतकर्ता बोला- बेटी को शादी का झांसा देकर घर से भगाया आरोपी सचिन राजपूत हिंद मोटर्स के पास, बैंक साइड, हंडियाया रोड, बरनाला का निवासी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, सचिन ने उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर घर से भगाया था। इस संबंध में थाना सिटी-2 बरनाला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था और पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। मुकेश राम ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी सचिन राजपूत का उनके घर आना-जाना था और वह अक्सर उनके बेटे अश्वनी कुमार के संपर्क में रहता था। परिवार का उस पर विश्वास था, लेकिन बेटी के घर से चले जाने के बाद यह विश्वास टूट गया। इस घटना के कारण अश्वनी कुमार अत्यधिक तनाव और मानसिक परेशानी में रहने लगा था। परिजन बोले- चुन्नी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली परिजनों के अनुसार, अश्वनी कुमार ने रात में घर की छत पर लगे पंखे से चुन्नी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता चलने पर परिवार के सदस्य उसे तुरंत नीचे उतारकर सिविल अस्पताल बरनाला ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने बताया कि बेटे की पैंट की जेब से एक लिखित पर्ची बरामद हुई, जिसे परिवार ने अश्वनी कुमार द्वारा लिखा हुआ बताया है। कथित सुसाइड नोट में लिखा गया था कि उसकी मौत का जिम्मेदार सचिन है, जिसने उसकी बहन काजल को भगाकर ले गया है। इस नोट को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बना लिया है। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट, पारिवारिक बयानों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

   

सम्बंधित खबर