बरनाला में जांच एजेंसियों के दुरुपयोग पर AAP का विरोध:मीत हेयर के नेतृत्व में प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया

बरनाला में आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका। AAP ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार प्रवर्तन निदेशालय (ED) जैसी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए मीत हेयर ने कहा कि केंद्र सरकार सरकारी जांच एजेंसियों का अनुचित इस्तेमाल कर विपक्ष पर दबाव बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी नेताओं को डराने और जेल में डालने के लिए झूठे मामले में गिरफ्तार किया गया है। केंद्र सरकार के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई मीत हेयर ने स्पष्ट किया कि ऐसी दमनकारी नीतियों से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी केंद्र सरकार की इस तानाशाही का पूरी शक्ति के साथ मुकाबला करेगी। सांसद ने चेतावनी दी कि यदि यह 'धक्केशाही' बंद नहीं हुई, तो आने वाले समय में बड़े स्तर पर संघर्ष शुरू किया जाएगा। मीत हेयर ने जोर देकर कहा कि पंजाब की धरती को इस तरह की धमकियों से डराया नहीं जा सकता और वे अपने हक की लड़ाई जारी रखेंगे।

   

सम्बंधित खबर