फरीदकोट जिले की 3 नगर काउंसिलों में 345 नामांकन:अंतिम दिन 285 उम्मीदवार मैदान में उतरे,18 को होगी पड़ताल

फरीदकोट जिले की तीन नगर काउंसिलों के कुल 71 वार्डों के लिए 345 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। शनिवार को नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन 285 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के पास जमा करवाए। इससे फरीदकोट नगर काउंसिल के 25 वार्डों के लिए 144, जैतो नगर काउंसिल के 17 वार्डों के लिए 73 तथा कोटकपूरा नगर काउंसिल के 29 वार्डों के लिए 128 उम्मीदवार चुनाव मैदान में डट गए हैं। जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर राहुल कुमार चाबा ने बताया कि इन नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को की जाएगी, जबकि 19 मई तक उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार 26 मई को मतदान होगा और 29 मई को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले के सभी 71 वार्डों के लिए 163 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं तथा पुलिस प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कांग्रेस द्वारा फरीदकोट के सभी उम्मीदवारों की सूची जारी उधर कांग्रेस ने फरीदकोट के सभी 25 वार्डो के उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। शनिवार शाम ऑफिसर क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों, जिला कांग्रेस प्रधान नवदीप सिंह बब्बू बराड़ और पार्टी ऑब्जर्वर राजेंद्र कुमार छाबड़ा ने यह सूची जारी की। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि राज्य के लोग आम आदमी पार्टी सरकार से निराश हो चुके हैं और इन चुनावों में कांग्रेस को भारी सफलता मिलेगी। साथ ही कांग्रेस ने कोटकपूरा नगर काउंसिल में नामांकन प्रक्रिया के दौरान विरोधी उम्मीदवारों को रोकने की कोशिशों की कड़े शब्दों में निंदा की गई।

   

सम्बंधित खबर