फरीदकोट नगर कौंसिल अध्यक्ष AAP में शामिल:निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका; कई नेताओं ने थामा आप का दामन

फरीदकोट की राजनीति में नगर कौंसिल चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। नगर कौंसिल के पांच साल तक प्रधान रहे कांग्रेस नेता नरिंदर पाल सिंह निंदा ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। उनके साथ कांग्रेस नेता अमित जैन, भाजपा नेता नवीन अरोड़ा और अकाली दल संयुक्त के नेता सुखविंदर सिंह सुक्खी पहलवान भी आप में शामिल हो गए। वीरवार दोपहर ऑफिसर क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आप विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने इन नेताओं ने पार्टी जॉइन करवाई और पार्टी में मान सम्मान देने का भरोसा दिलाया। साथ ही नरिंदर पाल निंदा को नगर काउंसिल चुनाव की टिकट देने का एलान किया। टिकट को लेकर पूर्व विधायक से था मनमुटाव सूत्रों के अनुसार कौंसिल चुनाव की टिकट को लेकर नरिंदर पाल सिंह निंदा का पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों के साथ मनमुटाव पैदा हुआ था। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने कांग्रेस छोड़ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। इस मौके चेयरमैन इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट गगनदीप सिंह धालीवाल, चेयरमैन मार्किट कमेटी अमनदीप सिंह भी हाजिर रहे। ईमानदार नेताओं से आप संगठन और मजबूत होगा: विधायक इस मौके विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा पंजाब के विकास और लोगों की भलाई के लिए काम करती रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की साफ-सुथरी छवि और नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता आप में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरिंदर पाल सिंह निंदा ने नगर कौंसिल प्रधान रहते हुए ईमानदारी से काम किया और राज्य में आप सरकार होने के बावजूद कभी उनके काम में दखल नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे ईमानदार नेताओं के पार्टी में शामिल होने से संगठन और मजबूत होगा। ढिल्लों से वैचारिक मतभेद होने के चलते लिया फैसला: निंदा कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए नरिंदर पाल सिंह निंदा ने कहा कि पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों के साथ कुछ वैचारिक मतभेद होने के चलते उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का फैसला लिया। वह किसी पद या टिकट के लालच में नहीं, बल्कि बिना किसी शर्त के आप में शामिल हुए हैं।

   

सम्बंधित खबर