फरीदकोट में सीएम ने विरोधियों पर साधा निशाना:बोले- अकाली दल और कांग्रेस ने अपने हित साधे, हमने गारंटियां पूरी कीं

फरीदकोट जिले के जैतो विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव पंजगराईं कलां में सोमवार शाम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में लोक मिलनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जहां राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी, वहीं विपक्षी दलों पर भी जमकर निशाना साधा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता संभालने से पहले पंजाब के लोगों से जो भी वादे और गारंटियां की थीं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इससे पहले पंजाब में शासन कर चुकी शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस की सरकारों ने केवल अपने हितों को प्राथमिकता दी। जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार जनता के कल्याण के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मुफ्त बिजली योजना का लाभ लगभग 90 प्रतिशत परिवारों को मिल रहा है और उनके बिजली बिल शून्य आ रहे हैं। आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सीएम मान ने सुनाई किकली इसके अलावा प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा भी प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई से 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को 100प-1500 रुपये प्रति माह देने की योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। इस योजना के तहत पहले से पंजीकृत महिलाओं को तीन-तीन माह की राशि एक साथ जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अपने विशेष अंदाज में किकली भी सुनाईं। इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, जैतो से विधायक अमोलक सिंह सहित अन्य विधायक, पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री मान ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पर तीखे राजनीतिक हमले करते हुए कहा कि ये नेता दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद इन नेताओं ने आम लोगों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी।

   

सम्बंधित खबर