

अनुशासन के संग,कदम से कदम मिलाकर चले स्वयंसेवक
लखनऊ, 04 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की ओर से आयोजित कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम के शिक्षार्थियों ने गुरूवार को पथ संचलन निकाला। पथ संचलन वर्ग स्थल सरस्वती कुंज निरालानगर से प्रार्थना व ध्वज प्रणाम के बाद प्रारम्भ हुआ। घोष के साथ कार्यकर्ताओं ने कदम से कदम मिलाकर संचलन किया। मार्ग में स्थान-स्थान पर नागरिकों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
पथ संचलन सरस्वती कुंज निराला नगर से प्रारम्भ होकर आठ नंबर चौराहा निराला नगर से विवेकानन्दपुरी महानगर होते हुए आईटी मेट्रो स्टेशन अयोध्या राजमार्ग से आई टी चौराहा और पुनः श्री रामकृष्ण मठ के सामने से वर्ग स्थल पर पहुंच कर सम्पन्न हुआ।
विभाग प्रचारक अनिल ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम का प्रशिक्षण वर्ग विगत 22 मई से सरस्वती कुंज निराला नगर लखनऊ में संचालित हो रहा है। जिसमें पूरे क्षेत्र से 289 कार्यकर्ता कड़ी मेहनत कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण के इसी क्रम में पथ संचलन निकाला गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन, क्षेत्र प्रचारक अनिल, वर्ग के पालक एवं क्षेत्र बौद्धिक शिक्षण प्रमुख मिथिलेश नारायण, क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, सह प्रान्त प्रचार प्रमुख डा.लोकनाथ व डा.शचीन्द्र उपस्थित रहे।

