नौकरी न मिलने पर ITI पास ने चुनी मौत:अबोहर में रेलवे ट्रैक पर कूदकर दी जान, कई माह से नौकरी न मिलने से मानसिक तनाव में था
- Neha Gupta
- Jun 17, 2026
अबोहर के गांव सैदांवाली निवासी एक आईटीआई छात्र ने आज सुबह गांव के निकट रेलवे लाइन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले कई महीनों से नौकरी न मिलने के कारण मानसिक रूप से परेशान था। युवक की पहचान मृतक की पहचान 22 साल के लीलाधर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी अबोहर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नर सेवा नारायण सेवा समिति की मदद से शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। समिति के सेवादार बिट्टू नरूला ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 9:30 बजे घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद साथी सोनू ग्रोवर के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां जीआरपी अधिकारी अजीत सिंह और उनकी टीम मौजूद थी। मृतक के परिजन और गांव के सरपंच भी मौके पर उपस्थित थे। कई परीक्षा देने के बाद भी नहीं मिली नौकरी गांव के सरपंच रमन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान 22 वर्षीय लीलाधर 12वीं पास था और आईटीआई करने के साथ-साथ रेलवे में नौकरी पाने के लिए तैयारी कर रहा था। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। कई परीक्षाएं देने के बावजूद नौकरी न मिलने से लीलाधर हताश था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। सरपंच ने यह भी बताया कि यह गांव में ऐसी पहली घटना नहीं है; कुछ साल पहले भी एक युवा ने नौकरी न मिलने से निराश होकर आत्महत्या कर ली थी।

