अबोहर में नाबालिग लड़की से रेप:पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, घर में डेरा बनाकर खुद को बाबा बताता था
- DSS Admin
- May 23, 2026
अबोहर के गांव किल्लियांवाली में एक बाबा द्वारा नाबालिग छात्रा से रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाबा ने छात्रा के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी बाबा को गिरफ्तार कर रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल भी कराया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान किल्लियांवाली निवासी 26 वर्षीय जस धालीवाल पुत्र बहादुर उर्फ जस्सा बाबा के रूप में हुई है। वह जटाधारी वेश में अपने घर में ही एक डेरा बनाकर खुद को बाबा बताता था। जस धालीवाल लोगों की दुख-समस्याएं दूर करने का दावा करता था और पिछले चार साल से घर में धूना जलाकर 'चौकियां' लगा रहा था। उसके अंधविश्वास में आसपास के लोग फंसने लगे थे। परिवार ने समस्याओं के समाधान के लिए बाबा से संपर्क किया इसी दौरान, आसपास के इलाके का एक परिवार अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ, जो दसवीं कक्षा की छात्रा है, बाबा के डेरे पर आने लगा। परिवार ने बाबा पर विश्वास कर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उससे संपर्क किया। बाबा ने उन्हें भी गुमराह कर अपने विश्वास में ले लिया। आरोप है कि 17 मई की दोपहर को जस बाबा छात्रा के घर पहुंचा। उस समय उसके माता-पिता मजदूरी पर गए हुए थे। बाबा ने नाबालिग लड़की से जबरन रेप किया और उसे जादू से मारने या उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। कुछ दिनों बाद लड़की ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे थाने ले गए, जिसके बाद पुलिस ने लड़की का मेडिकल करवाया। पुलिस ने रेपी जस बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मुकदमा नंबर 153 के तहत रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी का मेडिकल भी कराया गया है। पुलिस उसे कल अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि मामले में आगे की पूछताछ की जा सके।

