अबोहर में कर्मचारियों-पेंशनरों का AAP के खिलाफ मोर्चा:नगर निगम चुनाव में बहिष्कार का ऐलान, सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप
- DSS Admin
- May 23, 2026
पंजाब मुलाजिम और पेंशनर सांझा फ्रंट अबोहर ने शनिवार को नेहरू पार्क में एक रोष रैली का आयोजन किया। इस रैली में बड़ी संख्या में कर्मचारियों और पेंशनरों ने भाग लिया, जहां उन्होंने नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) का बहिष्कार करने की घोषणा की। रैली के दौरान, फ्रंट ने सरकार पर कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों की अनदेखी करने तथा अदालत के आदेशों का पालन न करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों की उपेक्षा कर रही है। प्रधान रेशम लाल बोले- महंगाई भत्ते का पूरा लाभ नहीं मिल रहा गर्वनमेंट पेंशनर्स यूनियन पंजाब तहसील अबोहर के प्रधान रेशम लाल रंगीला ने बताया कि कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ते का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है और इसकी बकाया किस्तें लंबे समय से जारी नहीं की गई हैं। उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए महंगाई भत्ते की बकाया राशि जारी करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, मेडिकल भत्ता बढ़ाने और बंद किए गए भत्तों को बहाल करने की मांग की। सरकार के विरोध की चेतावनी वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती और अदालत के आदेशों का सम्मान नहीं करती, तो आगामी विधानसभा चुनावों में सरकार का विरोध किया जाएगा। इसी क्रम में, रैली में नगर निगम और नगर परिषद चुनावों में आम आदमी पार्टी को वोट न देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसका सभी उपस्थित सदस्यों ने समर्थन किया। कर्मचारियों और पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने की चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी मांगों को मनवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

