पौड़ी के कमंद व बमठी में गुलदार की दहशत जारी

पौड़ी गढ़वाल, 17 मई (हि.स.)। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज के कमंद व बमठी गांव में गुलदार की दहशत बनी हुई है। लगातार हो रहे गुलदार के हमलों से ग्रामीणों में सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है। ग्रामीणों ने जल्द ही गुलदार को मारने की मांग उठाई है।

गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज के कमंद गांव में गुलदार ने बीते शुक्रवार को एक ग्रामीण को निवाला बना दिया था। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रातभर क्षेत्र में प्रदर्शन कर अफसरों का घेराव किया था। अगले दिन शनिवार को भी ग्रामीणों ने घंटो तक शव को नहीं उठाने दिया था। इस बीच गुलदार को नरभक्षी घोषित करने व गुलदार को शूट करने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने शव को उठाने दिया। शनिवार को इसी दौरान बमठी गांव में भी गुलदार ने एक महिला पर हमले का प्रयास किया।

जिसमें वह बाल बाल बच गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डीएफओ व जिलाधिकारी कार्यालय में धरना देकर जल्द गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई। गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि क्षेत्र में पिंजरा,टेप कैमरा लगाने के साथ ही विभागीय शूटर भी तैनात कर दिए गए हैं।

   

सम्बंधित खबर