पति की दरिंदगी की शिकार महिला अस्पताल में भर्ती:अबोहर की युवती की हरियाणा के डबवाली में हुई शादी, एक हफ्ते में हैवानियत की शिकार
- Neha Gupta
- Jun 22, 2026
अबोहर की एक 29 वर्षीय महिला के साथ हरियाणा के डबवाली में उसके ही पति द्वारा कथित तौर पर अमानवीय दरिंदगी और क्रूरता किए जाने का झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। प्रताड़ना से गंभीर रूप से बीमार पीड़िता को उसकी मां ने इलाज के लिए अबोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। शनिवार से अस्पताल में दाखिल पीड़िता मेडिकल जांच के बाद अब इंसाफ के लिए पुलिसिया कार्रवाई का इंतजार कर रही है। शादी के एक हफ्ते बाद ही शुरू हो गई थी क्रूरता पीड़िता ने अस्पताल से अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि कुछ समय पहले उसके माता-पिता ने अबोहर के ही एक बिचौलिए के माध्यम से उसकी शादी डबवाली (हरियाणा) निवासी सुरेश कुमार से की थी, जो पेशे से बिजली मैकेनिक है। शादी पूरी रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद ही उसके पति ने करीब एक हफ्ते तक रात के समय उसके साथ भयानक शारीरिक क्रूरता और हैवानियत की। वह उसे पत्नी नहीं समझता था। इस प्रताड़ना से तंग आकर वह शादी के महज एक हफ्ते बाद ही अपने मायके अबोहर लौट आई और करीब एक साल तक वहीं रही। पंचायती समझौते के बाद दोबारा गई थी ससुराल, सास ने भी दिया हैवान का साथ पीड़िता के अनुसार, करीब सवा साल बाद बीते 15 जून को उसका पति और सास उसी बिचौलिए के जरिए अबोहर आए। यहाँ दोनों पक्षों के बीच एक पंचायत हुई और पंचायती समझौते के बाद महिला को वापस डबवाली भेज दिया गया। ससुराल पहुंचने पर मेरे पति के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया और उसने फिर से मेरे साथ वही हैवानियत शुरू कर दी। जब मैंने इस बारे में अपनी सास को रो-रोकर बताया, तो उन्होंने मेरी मदद करने के बजाय अपने बेटे का ही साथ दिया।" घबराकर महिला ने इसकी सूचना अपने मायके परिवार को दी, जिसके बाद उसके माता-पिता डबवाली पहुंचे और उसे वहां से निकालकर अबोहर लाए और शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका मेडिकल करवाया गया। बयान दर्ज करने नहीं पहुंची पुलिस, पीड़िता ने लगाई गुहार मामले में पुलिस प्रशासन की सुस्ती भी सामने आ रही है। पीड़िता ने बताया कि शनिवार को अस्पताल में भर्ती होने के बाद जब स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, तो उन्होंने डबवाली पुलिस से संपर्क किया। डबवाली पुलिस ने आश्वासन दिया था कि वे सोमवार को अबोहर महिला पुलिस के साथ आकर पीड़िता के बयान दर्ज करेंगे। लेकिन सोमवार बीत जाने के बाद भी कोई पुलिस अधिकारी अस्पताल में बयान दर्ज करने नहीं पहुंचा। गंभीर हालत में बिस्तर पर पड़ी पीड़िता ने पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए पति और सास के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

