फाजिल्का में खुदाई के दौरान मिट्टी धंसी, 5 मजदूर दबे:एक की हालत नाजुक, इंटरनेट केबल डालने का चल रहा था काम, सुरक्षा इंतजाम नहीं

फाजिल्का-अबोहर मुख्य मार्ग पर स्थित गांव बेगांवाली के नजदीक एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां जमीन के नीचे खुदाई का काम कर रहे पांच मजदूर अचानक मिट्टी का ढेर गिरने से मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद अन्य श्रमिकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद मिट्टी के नीचे दबे पांचों मजदूरों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मजदूर नीचे उतरे तो धंस गई मिट्टी प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंटरनेट की केबल के लिए जमीन के नीचे पाइपलाइन डालने का काम चल रहा था। पाइपलाइन डालने के लिए करीब आठ से दस फीट गहरी जमीन की खुदाई की गई थी। मजदूर जब इस गहरी खाई के भीतर उतरकर काम कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी की एक बड़ी ढांग (ढेर) भरभराकर नीचे धंस गई, जिससे नीचे काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और वे मलबे में समा गए। एक मजदूर की हालत नाजुक इस हादसे में कुल पांच मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें मिट्टी से सुरक्षित बाहर निकालने के बाद बिना समय गंवाए फाजिल्का के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन पांच मजदूरों में से एक मजदूर को बेहद गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं है घटना से कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि इतनी गहराई में काम करते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य मजदूरों के बयान दर्ज कर रही है ताकि हादसे के असली कारणों और किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी लापरवाही का पता लगाया जा सके।

   

सम्बंधित खबर