फाजिल्का के बाजारों में पसरा सन्नाटा:छुट्टियां मनाने गए व्यापारी, करियाना और मोबाइल यूनियन की 250 से ज्यादा दुकानें बंद

फाजिल्का शहर के प्रमुख मेन बाजार चौंक घंटाघर में इन दिनों असामान्य सन्नाटा देखने को मिल रहा है। आम दिनों में जहां बाजार में लोगों की भारी आवाजाही और रौनक रहती है, वहीं अब अधिकांश दुकानें बंद होने के कारण बाजार सूना नजर आ रहा है। दरअसल, शहर के करियाना व्यापारियों, मोबाइल विक्रेताओं और अन्य यूनियनों के सदस्यों ने गर्मियों की छुट्टियां मनाने के लिए सामूहिक रूप से बाहर घूमने जाने का निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार, करियाना एसोसिएशन ने 26 जून से 28 जून तक अपनी सभी दुकानों को बंद रखने का फैसला किया है। इस संबंध में पहले से ही शहर में अनाउंसमेंट कर लोगों को सूचित कर दिया गया था ताकि उन्हें आवश्यक सामान की खरीदारी में किसी प्रकार की परेशानी न हो। करियाना एसोसिएशन के अधीन करीब 150 से अधिक दुकानें आती हैं, जो इन दिनों पूरी तरह बंद हैं। मोबाइल यूनियन ने भी बंद की दुकान वहीं मोबाइल यूनियन के सदस्यों ने भी छुट्टियां मनाने के लिए अपनी दुकानें बंद कर दी हैं। शहर में मोबाइल कारोबार से जुड़ी लगभग 100 दुकानें भी बंद पड़ी हैं। इसके चलते बाजार की रौनक काफी प्रभावित हुई है और मुख्य बाजारों में भीड़भाड़ की जगह सन्नाटा दिखाई दे रहा है। सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय यूनियन स्तर पर लिया गया है और सभी सदस्यों के लिए इसका पालन करना अनिवार्य माना गया है। बताया जा रहा है कि यदि कोई सदस्य यूनियन के फैसले के विपरीत दुकान खोलता है तो उस पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय बाद सामूहिक रूप से छुट्टियां मनाने का यह कार्यक्रम बनाया गया है।

   

सम्बंधित खबर